भीषण गर्मी में भी कर्तव्य निभा रहीं अधिकारी, घर-घर पहुंचकर ले रहीं जानकारी
तारिक खान-रायसेन की आवाज़-&-प्रदेश की स्याही
रायसेन। एक ओर जहां भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है और तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका की मुख्य अधिकारी सुरेखा जाटव अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह समर्पित नजर आ रही हैं। चिलचिलाती धूप और तेज गर्म हवाओं के बीच भी वे शहर की गलियों में खुद निकलकर घर-घर पहुंच रही हैं और स्व-गणना (सर्वे) से जुड़ी जानकारी ले रही हैं।
बताया जा रहा है कि नगर में चल रहे स्व-गणना कार्य की जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्य अधिकारी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। वे अलग-अलग वार्डों में पहुंचकर न सिर्फ नागरिकों से बातचीत कर रही हैं, बल्कि कर्मचारियों के कार्य की भी निगरानी कर रही हैं।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि इतनी तेज गर्मी में जब लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं, उस समय अधिकारी का इस तरह मैदान में उतरना उनकी जिम्मेदारी और कार्य के प्रति ईमानदारी को दर्शाता है।
नगर पालिका मुख्य अधिकारी सुरेखा जाटव ने बताया कि स्व-गणना कार्य शासन की महत्वपूर्ण योजना है और इसका सही व समय पर पूरा होना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से वे खुद फील्ड में जाकर व्यवस्था का जायजा ले रही हैं।
गौरतलब है कि इस भीषण गर्मी में आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन ऐसे में भी प्रशासनिक अमला पूरी सक्रियता के साथ अपने दायित्व निभा रहा है।
0 Comments