रायसेन इंडियन चौराहा बना ड्रामे का मंच, नशे में धुत युवक ने बीच सड़क पर मचाया हंगामा, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा।
रायसेन। शहर के इंडियन चौराहे पर उस समय अफरा तफरी मच गई जब नशे की हालत में एक युवक बीच सड़क पर खड़ा होकर चलते वाहनों के सामने ड्रामेबाज़ी करने लगा। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया और मौके पर मौजूद लोग सहम गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक कभी हाथ फैलाकर वाहनों को रोकने की कोशिश कर रहा था तो कभी सड़क पर ही शोर मचाने लगा। इस दौरान किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी रही, क्योंकि तेज रफ्तार वाहन लगातार गुजर रहे थे।
सूचना मिलते ही रायसेन पुलिस तुरंत हरकत में आई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हालात को संभालते हुए युवक को सुरक्षित सड़क से हटाया और नशे में सार्वजनिक स्थान पर उत्पात मचाने के आरोप में उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की हरकतें न केवल स्वयं की जान के लिए खतरा हैं, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा करती हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की हालत में सड़क पर इस तरह का व्यवहार न करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समय रहते पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया, वहीं शहरवासियों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
0 Comments