रायसेन की बंद खदान से पत्थर चोरी, विभागीय कार्रवाई
रास्ते बंद, अधिकारियों को देखकर मौके से फरार हुए लोग।
(तारिक खान)-प्रदेश की स्याही-रायसेन की आवाज़
रायसेन। तहसील अंतर्गत बंद पड़ी कानपोहरा पत्थर खदान से अवैध रूप से पत्थर चोरी की शिकायत पर शुक्रवार को राजस्व एवं माइनिंग विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। अधिकारियों के मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोग फरार हो गए, जिससे अवैध गतिविधियों की पुष्टि हुई।
संयुक्त टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में पत्थर चोरी की शिकायत सही पाई गई। खदान क्षेत्र में पत्थर निकाले जाने के ठोस प्रमाण मिले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि बंद खदान से चोरी कर अवैध रूप से पत्थर का परिवहन किया जा रहा था।
एसडीएम मनीष शर्मा ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए खदान तक जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार भरत सिंह माडले, नायब तहसीलदार शैलेश कुमार, माइनिंग निरीक्षक अर्चना ताम्रकार एवं सुमित गुप्ता भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से अवैध खनन व चोरी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
0 Comments