तलवारबाज़ी में माहिर जवानों को पीछे छोड़ विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने दिखाए जौहर, रामनवमी जुलूस में छाए रहे
परंपरागत शस्त्र प्रदर्शन ने बढ़ाया उत्साह, जय श्रीराम के नारों से गूंजा क्षेत्र
तारिक खान- प्रदेश की स्याही।
रायसेन-साँची विधानसभा क्षेत्र में रामनवमी का पावन पर्व इस बार खास उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। रामनवमी चल समारोह के दौरान स्थानीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने तलवारबाज़ी के शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया।
जुलूस में पारंपरिक परिधान में शामिल विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने मंच पर आते ही तलवारबाज़ी के ऐसे जौहर दिखाए कि मौजूद लोग आश्चर्यचकित रह गए। तलवारबाज़ी में माहिर जवानों के बीच उन्होंने संतुलन, फुर्ती और कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। विधायक के इस प्रदर्शन पर लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट और जय श्रीराम के नारों से माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया।
रामनवमी चल समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई और स्वागत मंच लगाए गए। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। विधायक के तलवार प्रदर्शन को देखने के लिए लोग छतों और सड़कों पर खड़े नजर आए।
इस दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश भी दिया।
पूरे जुलूस में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से चल समारोह संपन्न हुआ। विधायक के तलवारबाज़ी प्रदर्शन की चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही और लोगों ने इसे रामनवमी के उत्सव की खास झलक बताया।
0 Comments