रायसेन में बिजली विभाग का 'संपर्क अभियान' शिविर, 5 रुपये में नया बिजली कनेक्शन योजना बनी आकर्षण का केंद्र
तारिक खान - प्रदेश की स्याही & रायसेन की आवाज़
रायसेन। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा रायसेन में 'संपर्क अभियान-2026' के तहत विशेष जन सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ता पहुंचे और अपनी समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया। विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में केवल 5 रुपये में नया घरेलू बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की विशेष योजना की जानकारी दी गई, जिसने लोगों का खासा ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा नए कनेक्शन, नाम परिवर्तन, भार परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, अस्थायी एवं स्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी, एनओसी, बिजली बिल में त्रुटि सुधार, बकाया राशि भुगतान, मीटर एवं सर्विस केबल संबंधी शिकायतों का भी निराकरण किया गया।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संपर्क अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को "बेहतर सेवा, त्वरित समाधान" उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में विद्युत सुरक्षा, शासन की विभिन्न योजनाओं और उपभोक्ता हित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
विभाग ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 5 रुपये में बिजली कनेक्शन योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ उठाएं और ऐसे जन सेवा शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान कराएं।
0 Comments