बाड़ी फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा, तीन युवक घायल एक का पैर फैक्चर
नहर के पास कार और बाइक की जोरदार टक्कर, 108 एम्बुलेंस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, भोपाल एम्स रेफर।
रायसेन/बाड़ी आज दिनांक 17 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12:50 बजे बाड़ी फोरलेन रोड स्थित नहर के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम चारगांव निवासी सुरेंद्र आदिवासी (40 वर्ष), पिता मन्नूलाल आदिवासी, दिन्नू धानक (35 वर्ष), पिता हल्कोरी धानक और गुड्डू धानक (35 वर्ष) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे, तभी उनकी बाइक की एक कार से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में सुरेंद्र आदिवासी का पैर फैक्चर हो गया, जबकि अन्य दो लोग भी घायल हो गए। घटना के बाद एक राहगीर ने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस, थाना बड़ी की टीम मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस स्टाफ में डॉ. प्यारेलाल अहिरवार और पायलट संदीप कुशवाह ने तत्परता दिखाते हुए घायल सुरेंद्र आदिवासी को स्पाइन बोर्ड की मदद से सुरक्षित एम्बुलेंस में शिफ्ट किया और प्राथमिक उपचार शुरू किया।
इसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को बेहतर इलाज के लिए भोपाल एम्स रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
0 Comments