*रायसेन में पत्रकार भवन निर्माण की मांग तेज*
*मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी को आवेदन दिया*
रायसेन। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ रायसेन जिला इकाई ने जिले में पत्रकार भवन निर्माण को लेकर आवाज बुलंद की है। संघ की ओर से सांची विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों के लिए स्थायी, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय भवन उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
आवेदन में बताया गया कि सांची विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे रायसेन जिले के पत्रकारों को वर्षों से पत्रकार भवन की आवश्यकता महसूस हो रही है। जिला मुख्यालय पर पत्रकारों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पत्रकार भवन का होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे पत्रकारों को कार्य करने के लिए एक साझा मंच मिल सके।
संघ ने आवेदन में उल्लेख किया कि खसरा नंबर 32 (S), रकबा 6.3940 हेक्टेयर की भूमि विधिवत रूप से निकाली जा चुकी है। ऐसे में उक्त खसरा भूमि में से उपयुक्त एवं पर्याप्त भूमि पत्रकार भवन निर्माण हेतु आवंटित किए जाने का आग्रह किया गया है।
संघ का कहना है कि पत्रकार समाज लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकार भवन के निर्माण से जिले के पत्रकारों को स्थायी कार्यस्थल मिलेगा, जिससे पत्रकारिता की गुणवत्ता में सुधार होगा और शासन-प्रशासन व समाज के बीच संवाद अधिक सशक्त और प्रभावी बन सकेगा।
आवेदन में विधायक से अनुरोध किया गया है कि पत्रकार हित को दृष्टिगत रखते हुए इस विषय को प्राथमिकता दी जाए और आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं, ताकि पत्रकार भवन निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ हो सके।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष संजय चौहान, जिला महासचिव मुकेश शर्मा, प्रदेश पदाधिकारी मथुरा रजक, बारेलाल सूर्यवंशी, राहुल राठौर, अमित दुबे, राहुल मालवीय, शिवलाल यादव, बबलू कुशवाहा, उपेंद्र गौतम, जगदीश अहिरवार, मलखान सिंह रावत, तारिक खान, खेमचंद गौर, राजू बैरागी,शैलेंद्र शाक्य, भुवनेश्वर कुशवाह,जिला इकाई के पदाधिकारी एवं अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
संघ ने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से रायसेन में जल्द ही पत्रकारों का अपना भवन साकार होगा।
0 Comments