सरकारी दफ्तर में दलालराज! डिप्टी रजिस्टार की कुर्सी पर बैठा प्राइवेट व्यक्ति, खुलेआम हो रही थी रजिस्ट्री।
तारिक खान-रायसेन की आवाज़ न्यूज़।
रायसेन। जिले के सब रजिस्टार कार्यालय में कानून और व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाला सनसनीखेज़ मामला सामने आया है। सरकारी कार्यालय में दलालों का ऐसा बोलबाला है कि डिप्टी रजिस्टार अरविंद चौहान की सरकारी कुर्सी पर एक निजी व्यक्ति बैठकर रजिस्ट्री करता हुआ पाया गया। यह पूरी शर्मनाक करतूत न्यूज़ 24 के कैमरे में कैद हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, सब रजिस्टार कार्यालय में बिना रिश्वत दिए रजिस्ट्री होना नामुमकिन हो गया है। आम नागरिक महीनों तक भटकते हैं, जबकि दलालों के इशारे पर काम चुटकियों में हो जाता है। जब इस दलालराज़ का पर्दाफाश करने न्यूज़ 24 की टीम मौके पर पहुंची, तो दलालों और डिप्टी रजिस्टार द्वारा संवाददाता और कैमरा मैन से बदसलूकी की गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति बेकाबू होते देख रजिस्टार रजनीश सोलंकी को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिन्होंने किसी तरह मामले को शांत कराया। लेकिन सवाल यह है कि अगर सब कुछ नियमों के मुताबिक था, तो कैमरे से डर क्यों?
स्थानीय संवाददाता अनिल सक्सेना बिना पैसे दिए रजिस्ट्री नहीं होने की शिकायतों की जांच के लिए ग्राउंड ज़ीरो पर पहुंचे थे, जहां पूरे भ्रष्टाचार की तस्वीर कैमरे में कैद हो गई।
घटना के बाद रायसेन के पत्रकार संगठनों में उबाल है। सभी संगठनों ने एक स्वर में डिप्टी रजिस्टार अरविंद चौहान पर तत्काल निलंबन और जांच की मांग की है। पूरे मामले की लिखित शिकायत रायसेन कलेक्टर को सौंप दी गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल
क्या कलेक्टर प्रशासन इस दलालराज़ पर हथौड़ा चलाएगा?
या फिर सरकारी कुर्सियों पर दलालों का कब्ज़ा यूं ही कायम रहेगा?
0 Comments