रेलिंग से टकराई बाइक, गुजरात से लौट रहे दो मजदूर युवक गंभीर घायल
घोघरी-सुल्तानगंज रोड पर रात में हुआ भीषण हादसा, खाई में गिरे युवक को 108 एम्बुलेंस स्टाफ ने स्पाइन बोर्ड से निकालकर बचाई जान
तारिक खान-रायसेन की आवाज़ & प्रदेश की स्याही
रायसेन। ग्राम घोघरी-सुल्तानगंज रोड पर गुरुवार रात करीब 8:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में गुजरात से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम केसलोन थाना सुल्तानगंज निवासी जयकुमार पिता जालम सिंह कुशवाहा (18 वर्ष) और शंकर पिता भैयालाल (22 वर्ष) मोटरसाइकिल से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान घोघरी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं जयकुमार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा।
घटना को एक राहगीर ने देख तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद 108 एम्बुलेंस थाना सुल्तानगंज को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंची एम्बुलेंस टीम में मौजूद डॉक्टर जयसिंह ठाकुर और पायलट मुकेश प्रजापति ने सूझबूझ का परिचय देते हुए खाई में गिरे घायल जयकुमार को स्पाइन बोर्ड की मदद से सावधानीपूर्वक ऊपर लाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुल्तानगंज ले जाया गया।
डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सागर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
0 Comments