सागर में जहरीली शराब कांड के बाद रायसेन में वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता
शराब दुकान पर बिना बेच नंबर की सफेद-लाल शराब बिकने का दावा, आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
रायसेन। सागर जिले में हाल ही में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इसी बीच रायसेन में एक शराब दुकान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सफेद और लाल शराब बिना बेच नंबर के बिकती हुई दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद शराब की बिक्री और उसके स्टॉक की निगरानी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही शराब की वास्तविकता और उसके स्रोत की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी, लेकिन सागर की घटना के बाद इस तरह के वीडियो ने लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।
सागर जिले में संदिग्ध जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन और पुलिस द्वारा अवैध एवं संदिग्ध शराब के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जांच में कथित नकली शराब के नेटवर्क और संदिग्ध सप्लाई चैन की भी पड़ताल की जा रही है।
ऐसे में रायसेन में वायरल हो रहे वीडियो को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि शराब दुकान पर बिक रही बताई जा रही सफेद और लाल शराब का बेच नंबर, बैच, निर्माण कंपनी और स्टॉक का रिकॉर्ड क्या है? क्या संबंधित विभाग द्वारा दुकान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया जाएगा?
वीडियो ने बढ़ाई आबकारी विभाग की जिम्मेदारी
वीडियो वायरल होने के बाद अब आबकारी विभाग के सामने मामले की निष्पक्ष जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की जरूरत है। यदि शराब नियमानुसार और वैध स्टॉक की है तो विभाग को इसकी जानकारी सार्वजनिक कर लोगों की शंकाएं दूर करनी चाहिए और यदि नियमों का उल्लंघन मिलता है तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होना चाहिए।
सवाल सिर्फ शराब की बिक्री का नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी और शराब की गुणवत्ता की निगरानी का है। सागर की हालिया घटना के बाद रायसेन में वायरल इस वीडियो को लेकर विभाग कितनी गंभीरता दिखाता है, यह देखने वाली बात होगी।
0 Comments